हिमाचल प्रदेश में 15 नवंबर तक सामान्य से 86 फीसदी कम बरसे बादल

हिमाचल प्रदेश में 15 नवंबर तक सामान्य से 86 फीसदी कम बादल बरसे हैं। इस अवधि के दौरान सिरमौर में सामान्य से 100, मंडी व शिमला में 99 फीसदी कम बारिश हुई है। एक से 15 नवंबर तक प्रदेश में 1.5 मिलीमीटर बारिश हुई। इस अवधि में 8.5 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया है। प्रदेश में रात का तापमान भी दस डिग्री से कम हो गया है।

मैदानी जिलों में भी सुबह और शाम के समय मौसम में ठंडक बढ़ गई है। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा का न्यूनतम तापमान शिमला से भी कम है। 21 नवंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। प्रदेश में अभी बारिश और बर्फबारी होने का कोई पूर्वानुमान नहीं है। शनिवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों में धूप खिली। ऊना में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 6.6 डिग्री
शुक्रवार रात को ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 6.6, केलांग में माइनस 2.9, कुकुमसेरी में माइनस 4.1 और कल्पा में 1.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। शिमला में न्यूनतम तापमान 9.0, सुंदरनगर में 4.1, भुंतर में 3.1, धर्मशाला में 9.8, ऊना में 8.3, नाहन में 8.4, पालमपुर में 4.5, सोलन में 3.0, मनाली में 2.7, कांगड़ा में 5.8, मंडी में 5.7, बिलासपुर में 8.6, हमीरपुर में 5.8, भरमाैर में 7.1 और बजाैरा में 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Related Articles

Back to top button