
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से मुलाकात की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के बीच आपसी रिश्तों और साझेदारी को और अधिक मजबूत करना है। बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच चल रही रणनीतिक साझेदारी की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।
इन मुद्दों पर हुई चर्चा
इस बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, ऊर्जा और जरूरी खनिजों के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। इसके साथ ही खेती, शिक्षा, रिसर्च और इनोवेशन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी बातचीत हुई। पीएम मोदी और मार्क कार्नी ने आपसी संबंधों को बेहतर बनाने के साथ-साथ क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी अपने विचार साझा किए।
दोपहर करीब एक बजकर 50 मिनट पर भारत मंडपम में ‘भारत-कनाडा सीईओ फोरम’ का आयोजन होगा। इस खास कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी और मार्क कार्नी दोनों शामिल होंगे। अपनी भारत यात्रा पूरी करने के बाद प्रधानमंत्री कार्नी शाम छह बजे स्वदेश के लिए रवाना हो जाएंगे।
विदेश मंत्री ने कनाडाई पीएम से की मुलाकात
प्रधानमंत्री मोदी से मिलने से पहले कनाडाई पीएम ने भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर से भी मुलाकात की। इस बैठक में भारत-कनाडा साझेदारी को लेकर सकारात्मक बातचीत हुई। मुलाकात के बाद डॉ. जयशंकर ने सोशल मीडिया पर खुशी जाहिर की। उन्होंने आगे की साझेदारी बनाने के लिए मार्क कार्नी की प्रतिबद्धता की सराहना की।
विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?
विदेश मंत्रालय ने बताया कि पीएम कार्नी का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब भारत-कनाडा के आपसी संबंध सामान्य होने के एक अहम मोड़ पर हैं। दोनों प्रधानमंत्री पहले एक-दूसरे की चिंताओं के लिए आपसी सम्मान, लोगों के बीच मजबूत संबंध और बढ़ती आर्थिक एक-दूसरे को पूरा करने वाली चीजों पर आधारित एक रचनात्मक और संतुलित साझेदारी को आगे बढ़ाने पर सहमत हुए हैं। यह बैठक दोनों देशों के साझा दृष्टिकोण को और मजबूत करने का एक सुनहरा मौका है।
दिल्ली पहुंचने पर प्रधानमंत्री कार्नी क्या कहा?
इससे पहले, दिल्ली पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री कार्नी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि भारत और कनाडा दो आत्मविश्वासी और महत्वाकांक्षी देश हैं। वे साथ मिलकर हिम्मत से आगे बढ़ना चाहते हैं। उन्होंने ऊर्जा, टैलेंट, इनोवेशन और एआई के क्षेत्र में नई साझेदारी बनाने पर जोर दिया, ताकि दोनों देशों के लोगों के लिए सुरक्षा और खुशहाली आ सके।



