अमृतसर में कांस्टेबल की हत्या: घरेलू विवाद में रिश्तेदारों ने पीट कर मार डाला

अमृतसर के राजासांसी क्षेत्र के गांव जगदेव कलां में घरेलू विवाद के चलते पुलिस कांस्टेबल की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि रिश्तेदारों ने घर पर हमला कर लोहे की रॉड और डंडों से कांस्टेबल से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल कांस्टेबल को परिजन इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

जानकारी के अनुसार गांव जगदेव कलां निवासी जगजीत सिंह पंजाब पुलिस में कांस्टेबल थे और गुरदासपुर में एक डीएसपी के सुरक्षा गार्ड के तौर पर तैनात थे। शुक्रवार शाम वह ड्यूटी से घर लौटे थे। इसी दौरान पुराने घरेलू विवाद को लेकर कुछ लोग उनके घर पहुंचे और विवाद बढ़ने पर मारपीट शुरू हो गई।

मृतक की भतीजी जतिंदर कौर ने बताया कि गांव निवासी बलराज सिंह उनका रिश्तेदार है और उसके साथ कुछ समय से विवाद चल रहा है। गत दिवस वह अपने साथ कई लोगों को लेकर गाड़ियों में सवार होकर घर पहुंचा था। आरोप है कि सभी ने मिलकर जगजीत सिंह और परिवार के अन्य सदस्यों पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान जगजीत सिंह के सिर पर लोहे की रॉड लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।

घटना के बाद हमलावर मौके से चले गए। परिजन घायल जगजीत सिंह को अमृतसर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिवार के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button