दिल्ली में फर्जीवाड़ा: पानी का कनेक्शन काटने की धमकी देकर हो रही है ठगी

दिल्ली जल बोर्ड ने उपभोक्ताओं को फर्जी कॉल, एसएमएस और व्हाट्सएप संदेशों के जरिए हो रही ठगी को लेकर अलर्ट जारी किया है। बोर्ड के मुताबिक, कुछ लोग खुद को उसका कर्मचारी बताकर उपभोक्ताओं को कॉल कर रहे हैं और पानी का कनेक्शन काटने की धमकी देकर तत्काल भुगतान करने का दबाव बना रहे हैं।

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की कॉल या संदेश पूरी तरह फर्जी हैं और बोर्ड की ओर से अधिकृत नहीं हैं। बोर्ड ने कहा कि किसी भी उपभोक्ता से फोन, एसएमएस या व्हाट्सएप के जरिए भुगतान की मांग नहीं की जाती है, खासकर किसी तीसरे व्यक्ति के माध्यम से वह ऐसा कार्य नहीं करा रहा है। बोर्ड के अनुसार, सभी आधिकारिक सूचनाएं लिखित नोटिस या बोर्ड के अधिकृत डिजिटल माध्यमों के जरिए ही दी जाती हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं को किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश पर भरोसा नहीं करना चाहिए और बिना सत्यापन के कोई भुगतान नहीं करना चाहिए।

बोर्ड ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि यदि उन्हें इस प्रकार की कोई कॉल या संदेश प्राप्त होता है, तो वे न तो अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा करें और न ही किसी प्रकार का भुगतान करें। साथ ही, ऐसे मामलों की तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 या सरकारी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा, उपभोक्ता संबंधित जोनल रेवेन्यू ऑफिस या बोर्ड के हेल्पलाइन नंबर 1916 पर संपर्क कर किसी भी सूचना की पुष्टि कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button