
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सोमवार को सुरक्षाकर्मियों के साथ हुई मुठभेड़ में एक महिला नक्सली मारी गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मारी गई नक्सली की पहचान माओवादी एरिया कमांडर रूपी के रूप में हुई है, जिसपर 5 लाख रुपये का इनाम था। प्रतापपुर क्षेत्र समिति की सदस्य थी।
अभियान के दौरान सुरक्षाकर्मियों से हुई भिड़ंत
पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि, गोलीबारी की यह घटना सुबह के समय में छोटे बेठिया पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक जंगली इलाके में हुई। जब सुरक्षाकर्मियों की एक टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली हुई थी।
उन्होंने आगे कहा, अब तक, घटनास्थल से एक महिला नक्सली का शव और एक हथियार बरामद किया गया है। इसके अलावा इलाके में अभी भी अभियान जारी है और विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। बता दे कि यह मुठभेड़ 31 मार्च को सरकार की ओर से छत्तीसगढ़ को सशस्त्र माओवादियों से मुक्त घोषित किए जाने के 12 दिन बाद हुई है।



