
मौजूदा समय में सिनेमाघरों से लेकर बॉक्स ऑफिस तक अगर किसी फिल्म का शानदार प्रदर्शन देखने को मिल रहा है तो वह रितेश देशमुख स्टारर मराठी फिल्म राजा शिवाजी है। महान मराठा योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज की बायोपिक के तौर पर इस मूवी को काफी पसंद किया जा रहा है।
लेकिन क्या आप जानते हैं कि आने वाले समय में राजा शिवाजी को टक्कर देने के लिए शिवाजी महाराज की एक और बायोपिक आने वाली है, जिसमें एक साउथ सुपरस्टार लीड रोल प्ले करता दिखेगा। आइए जानते हैं कि वह मूवी कौन सी है और कब रिलीज होगी।
छत्रपति शिवाजी महाराज पर आएगी एक और फिल्म
इतिहास के वीर महान योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज का व्यक्तित्व हमेशा से फिल्ममेकर्स की पहली पसंद आ रहा हैं। राजा शिवाजी से पहले उनके जीवन पर आधारित कई हिंदी और मराठी फिल्मों को बनाया जा चुका है। अब आने वाले समय में साउथ सुपरस्टार ऋषभ शेट्टी बतौर छत्रपति शिवाजी महाराज आपको बड़े पर्दे पर नजर आएंगे।
लंबे समय से निर्देशक संदीप सिंह की फिल्म द प्राइड ऑफ भारत- छत्रपति शिवाजी महाराज की चर्चा चल रही है। फिल्म की शूटिंग का काम भी लगभग आधा हो गया है और मूवी शिवाजी महाराज के किरदार में ऋषभ शेट्टी के फर्स्ट लुक पोस्टर्स भी सामने आ चुके हैं। इतना ही नहीं द प्राइड ऑफ भारत की रिलीज डेट का भी एलान हो चुका है, जिसके आधार पर 27 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में द प्राइड ऑफ भारत- छत्रपति शिवाजी महाराज को रिलीज किया जाएगा।
हिंदी के अलावा आपको ये फिल्म तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मराठी भाषा में देखने को मिलेगी। छत्रपति शिवाजी महाराज के किरदार में अभिनेता ऋषभ शेट्टी का लुक काफी दमदार लगा है और फैंस उनकी इस मूवी का बड़ी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
राजा शिवाजी को टक्कर देगी द प्राइड ऑफ भारत
कांतारा और कांतारा चैप्टर 1 की बॉक्स ऑफिस सफलता के बाद बतौर अभिनेता ऋषभ शेट्टी का कद सिनेमा जगत में काफी बड़ा है। माना जा रहा है कि उनकी अपकमिंग फिल्म द प्राइड ऑफ भारत- छत्रपति शिवाजी महाराज कमाई के मामले में रितेश देशमुख की राजा शिवाजी को टक्कर देती हुई नजर आएगी।



