
भारत में निर्मित सी-295 सैन्य परिवहन विमान ने सफलतापूर्वक अपनी पहली उड़ान पूरी की। भारतीय वायु सेना ने बुधवार को यह जानकारी दी।
वायु सेना 56 सी-295 परिवहन विमानों की खरीद कर रही है। जिसकी लागत लगभग 21,935 करोड़ रुपये है। इनमें से 40 विमानों को टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड द्वारा एयरबस के सहयोग से वडोदरा में एक उत्पादन सुविधा में असेंबल किया जाएगा।
वायु सेना ने भारत में निर्मित पहले सी-295 की पहली उड़ान की सफलता के लिए इस प्रोजेक्ट में लगी पूरी टीम को बधाई दी।
वायु सेना ने कहा कि यह उपलब्धि भारत की बढ़ती एयरोस्पेस क्षमताओं को मजबूत करती है और आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण के तहत स्वदेशी रक्षा क्षमता को बढ़ावा देने के लिए भारतीय वायु सेना की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।



