ध्रुव जुरैल और देवदत्त पडिक्कल ने इंडिया-ए की नैया को दिया सहारा

ध्रुव जुरैल और देवदत्त पडिक्कल ने मुश्किल स्थिति में विकेट पर पैर जमाते हुए इंडिया-ए को न्यूजीलैंड-ए के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट मैच के पहले दिन शनिवार को किसी तरह से संभाल लिया है। इंडिया-ए ने पहले दिन का अंत सात विकेट के नुकसान पर 291 रनों के साथ किया। पहले दिन न्यूजीलैंड के गेंदबाज हावी रहे और भारतीय बल्लेबाजों को जमकर परेशान किया। भारतीय टीम जब संघर्ष कर रही थी तब पहले पडिक्कल और फिर जुरैल ने शानदार पारियां खेल टीम को संभाला। स्टम्प्स तक जुरैल 99 और आकाश दीप 25 रन बनाकर खेल रहे हैं।

यशस्वी ने फिर किया निराश

इंडिया-ए ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। इस मैच में केएल राहुल ने यशस्वी के साथ ओपनिंग नहीं की और इसकी जिम्मेदारी संभाली साई सुदर्शन ने। यशस्वी अपनी फॉर्म में वापसी नहीं कर सके और फ्रेशर शीट की गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद सुदर्शन और पडिक्कल ने टीम को संभालते हुए 91 रनों की साझेदारी की। इस साझेदारी को जैरार्ड मैक्के ने तोड़ा। उन्होंने सुदर्शन को अपना शिकार बनाया। उन्होंने 63 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 41 रन बनाए। यश राठौड़ 13 रनों से आगे अपनी पारी नहीं ले जा सके। पडिक्कल की पारी का अंत शीट ने 80 के निजी स्कोर पर कर दिया। अपनी पारी में उन्होंने 140 गेंदों का सामना करते हुए 12 चौके मारे। उनके बाद भारत ने दो विकेट जल्दी खो दिए। पडिक्कल के तुरंत बाद रविचंद्रन स्मरण बिना खाता खोले आउट हो गए। शीट ने फिर वॉशिंगटन सुंदर को भी आठ रनों के निजी स्कोर पर पवेलियन भेज दिया।

जुरैल ने संभाली पारी

160 रनों के कुल स्कोर पर छह विकेट खो चुकी इंडिया-ए को फिर जुरैल ने संभाला। मानव सुथार ने उनका कुछ साथ दिया, लेकिन 46 गेंदों पर 22 रन बनाकर वह पवेलियन लौट गए। फिर जुरैल और आकाशदीप ने टीम को संभाला दोनों के बीच अभी तक 69 रनों की साझेदारी हो चुकी है। न्यूजीलैंड-ए की तरफ से शीट ने चार विकेट हासिल किए। ब्रेट रैंडेल, जेरार्ड मैक्के , जेडन लेनॉक्स के हिस्से एक-एक विकेट आया।

Related Articles

Back to top button