पचमढ़ी में कैबिनेट बैठक कल, सीएम 33.88 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 3 जून को नर्मदापुरम जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल पचमढ़ी का दौरा करेंगे। इस अवसर पर वे राज्य कैबिनेट की विशेष बैठक के साथ-साथ पर्यटन और अन्य विभागों से जुड़े कुल 33.88 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। पचमढ़ी में प्रस्तावित कैबिनेट बैठक में राज्य सरकार कई महत्वपूर्ण निर्णय ले सकती है। इस बैठक में पचमढ़ी के पूर्व जागीरदार राजा भभूत सिंह की स्मृति में उनकी प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव विचाराधीन है। इसके साथ ही नर्मदांचल क्षेत्र में किसी संस्थान का नाम राजा भभूत सिंह के नाम पर रखने की संभावना भी जताई जा रही है। सरकार का उद्देश्य है कि राजा भभूत सिंह की वीरता और योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाया जाए। उनके सम्मान में लिया जाने वाला यह निर्णय न केवल स्थानीय गौरव को बढ़ावा देगा, बल्कि क्षेत्रीय इतिहास को भी सहेजने का कार्य करेगा। बता दें इससे पहले मार्च 2022 में भी पचमढ़ी में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की गई थी। अब एक बार फिर इसी स्थल पर कैबिनेट बैठक होने जा रही है।

सीएम देंगे इनकी सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जटाशंकर और पांडव गुफाओं पर पिंक टॉयलेट लाउंज – लागत 19 लाख रुपए, जयस्तंभ क्षेत्र में पाथवे निर्माण – लागत 10 करोड़ रुपए, घूपगढ़ जल आपूर्ति योजना – लागत 60 लाख रुपए, पचमढ़ी प्रवेश द्वार – लागत 35 लाख रुपए, सतपुड़ा रिट्रीट में किचन, रेस्टोरेंट और स्विमिंग पूल – लागत 1.35 करोड़ रुपए का लोकार्पण करेंगे।

21.39 करोड़ के विकास कार्यों का करेंगे भूमिपूजन
वहीं, 21.39 करोड़ रुपए की 6 नई परियोजनाओं का भूमिपूजन करेंगे। इसमें हांडी खो में पर्यटक सुविधाएं – लागत 1.98 करोड़ रुपए, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में आधारभूत ढांचे का विकास – लागत 2.13 करोड़ रुपए, हिलटॉप बंगले का होमस्टे में रूपांतरण – लागत 6.70 करोड़ रुपए, MICE कम्युनिटी सेंटर का निर्माण – लागत 9.90 करोड़ रुपए, केन्द्रीय नर्सरी का निर्माण – लागत 34 लाख रुपए शामिल है।

सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
मुख्यमंत्री और अन्य मंत्रियों की मौजूदगी के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। 900 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। डीएसपी संतोष मिश्रा के अनुसार, साडिया से पचमढ़ी तक पूरे मार्ग पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सख्ती से लागू की जाएगी। मंत्रियों की आवाजाही के लिए निर्धारित रूट्स पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी।

Related Articles

Back to top button