
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) के कर्मचारियों का हाउस रेंट अलाउंस (एचआरए) बढ़ेगा। निगम के निदेशक मंडल की बैठक गुरुवार को धर्मशाला में अध्यक्ष रघुवीर सिंह बाली की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इसमें यह फैसला लिया गया। बैठक में निगम कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण निर्णयों पर चर्चा हुई, जिसमें अधिकारियों व कर्मचारियों का श्रेणीवार हाउस रेंट भत्ता बढ़ाने, पदोन्नति व युक्तिकरण प्रक्रिया और परिसरों में वाहन व्यवस्था सुधारने जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।
इसके साथ ही घाटे में चल रहीं पर्यटन इकाइयों की आय बढ़ाने, पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने और प्रदेश के पर्यटन ढांचे को और मजबूत करने के उपायों पर भी विस्तार से मंथन किया गया। वर्तमान में पर्यटन विकास निगम की करीब 50 यूनिट्स में 1000 से अधिक कर्मचारी सेवाएं दे रहे हैं। निगम प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि आगामी समय में ठोस कदम उठाकर न केवल कर्मचारियों को लाभ मिलेगा, बल्कि प्रदेश का पर्यटन क्षेत्र भी नई ऊंचाइयों को छुएगा। बैठक में कई मुदद्दों पर चर्चा हुई है लेकिन अंतिम मुहर एजेंडा और मिनट्स आफ मीटिंग की फाइल निगम अध्यक्ष के हस्ताक्षर के बाद ही लगेगी। बैठक में निगम के प्रबंध निदेशक, निदेशक मंडल के सदस्य एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



