
भारत बनाम आयरलैंड के पहले टी20आई मैच से पहले हर किसी की निगाहें 15 साल के वैभव सूर्यवंशी पर टिकी हुई हैं। सबसे बड़ा सवाल ये उठ रहा है कि क्या वैभव सूर्यवंशी को इंटरनेशनल डेब्यू का मौका मिलेगा? सभी फैंस को दो मैचों की टी20आई सीरीज के आगाज का बेसब्री से इंतजार हैं।
इस सीरीज से पहले वैभव के माता-पिता नॉर्थन आयरलैंड और बेलफास्ट में टीम इंडिया के होटल में पहुंच चुके हैं। उनके परिवार का एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह होटल के अंदर जाते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के बाद वैभव के इंटरनेशनल डेब्यू की चर्चा तेज हो गई हैं।
Vaibhav Suryavanshi का सपना आखिरकार हुआ पूरा
दरअसल, आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20आई सीरीज से पहले वैभव को इंडिया की जर्सी मिली। पहली बार भारत की जर्सी मिलने के बाद BCCI के वीडियो में वैभव ने कहा, “मेरे पास शब्द नहीं हैं। जिस वजह से मैंने पहले दिन से बल्ला उठाया और प्रैक्टिस के लिए क्रिकेट ग्राउंड गया, आज वो सपना पूरा हो गया। आज उस सफर का सबसे बड़ा कदम पूरा हुआ। मैं सच में इस एहसास को शब्दों में बयां नहीं कर सकता।”
15 साल के युवा सेंसेशन ने ये भी माना कि जब उन्होंने पहली बार टीम इंडिया की जर्सी देखी तो उसे यकीन ही नहीं हुआ। उन्होंने कहा,
“ये किसी सपने जैसा लगा। जैसे ही मैंने वो टी-शर्ट देखी, मेरी हंसी रुक ही नहीं रही थी। कभी-कभी ऐसा कुछ हो जाता है जिसके बारे में आपने सोचा भी नहीं होता। और जब वो सच में होता है, तो समझ नहीं आता कि कैसे रिएक्ट करें। मेरे साथ बिल्कुल ऐसा ही हुआ।”
IPL हीरो से टीम इंडिया तक का सफर
वैभव हाल ही में भारतीय मेंस टीम में चुने जाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने 36 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इससे पहले ये रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था। सचिन ने 1989 में सिर्फ 16 साल की उम्र में भारत के लिए पहला मैच खेला था।
बिहार के वैभव ने टीम इंडिया में चुने जाने से कुछ दिन पहले ही इंडिया A के लिए बेहतरीन पारी खेलकर खूब लाइमलाइट लूटी थी। उन्होंने 21 जून को दांबुला में श्रीलंका A के खिलाफ ट्राई-सीरीज फाइनल मेंसिर्फ 29 गेंदों पर 94 रन ठोके थे। उन्होंने उस पारी में सिर्फ 11 गेंदों पर फिफ्टी पूरी की। ये लिस्ट A क्रिकेट में दुनिया की सबसे तेज फिफ्टी का नया रिकॉर्ड है। पहले ये रिकॉर्ड श्रीलंका के कौशल्या वीररत्ने के नाम था, जिन्होंने 12 गेंदों पर फिफ्टी बनाई थी।
इंडिया को वैभव से बहुत उम्मीदें
आईपीएल 2026 में वैभव को राजस्थान रॉयल्स के लिए शानदार खेलने का इनाम भी मिला। उन्होंने आईपीएल में सबसे ज्यादा 776 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 237 का था। उन्होंने इस सीजन कुल 72 सिक्स लगाए और ऑरेंज कैप, मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर, इमर्जिंग प्लेयर, सुपर स्ट्राइकर और सुपर सिक्सेस जैसे बड़े अवॉर्ड भी जीते। इसी वजह से उन्हें पहली बार टीम इंडिया में बुलाया गया। अब इंडिया को वैभव से बहुत उम्मीदें हैं।



