हैदराबाद से लंदन जा रही ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट में तीन पायलट बीमार

 हैदराबाद से लंदन जा रही ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट (BA276) के तीनों पायलट यात्रा के बीच में ही बीमार पड़ गए। बताया जा रहा है कि तीनों पायलट हैदराबाद के एक होटल में स्टे के दौरान नाश्ता किए थे, इसी के बाद तीनों पायलटों की तबीयत बिगड़ी।

तीनों पायलट फूड पॉइजनिंग के शिकार हो गए। पायलटों के बीमार पड़ने को लेकर ब्रिटिश एयरवेज ने जांच शुरू कर दी है। जांच के तहत एयरलाइन हैदराबाद में अपने होटल के इंतजामों की समीक्षा कर रही है, जबकि अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि संदिग्ध खाद्य विषाक्तता का कारण क्या था।

30,000 फीट की उंचाई पर देना पड़ा ऑक्सीजन

गल्फ न्यूज के अनुसार, हैदराबाद से लंदन जा रही विमान में एक पायलट की स्थिति 30,000 फीट की ऊंचाई पर इतनी खराब हो गई कि उसे विमान में ही ऑक्सीजन देनी पड़ी। हालांकि, अन्य दो पायलटों ने फूड पॉइजनिंग के लक्षण महसूस होने के बावजूद स्थिति संभालते हुए सुरक्षित लैंडिंग कराई।

जांच जारी

इस घटना को लेकर ब्रिटिश एयरवेज ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा से कभी समझौता नहीं किया गया। हमारे सहयोगियों का कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, और बीमारी की कुछ छिटपुट रिपोर्टों के बाद हम इस स्थान पर चालक दल के आवास की समीक्षा कर रहे हैं।

शुरुआती रिपोर्टों से पता चलता है कि उड़ान से पहले तीनों पायलटों ने हैदराबाद के एक होटल में नाश्ता किया था और बाहरी कंपनी द्वारा उपलब्ध कराया गया बोतलबंद पानी भी पिया था।

घटना के बाद तीनों पायलटों ने हवाई सुरक्षा संबंधी रिपोर्ट दर्ज कराई और उन्हें अपनी बीमारी के कारण का पता लगाने के लिए नमूने देने को कहा गया है।

Related Articles

Back to top button