
भारतीय टीम के विस्फोटक ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने गुरुवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में अर्धशतक जमाकर इतिहास रचा। वैभव ने केवल 19 गेंदों में चार चौके और चार छक्के की मदद से 50 रन बनाए। सूर्यवंशी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अर्धशतक जमाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बने।
15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने मैच के बाद खुलासा किया कि अपना अर्धशतक किसे और क्यों समर्पित किया। बीसीसीआई ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें वैभव ने कहा, ‘मैं अपना अर्धशतक अपने परिवार, मेरे कोचों और हर अच्छे-बुरे समय में मेरा साथ देने वाले समर्थकों को समर्पित करता हूं।’
बता दें कि वैभव ने अपने करियर के चौथे टी20 इंटरनेशनल मैच में पहला अर्धशतक जमाया। अब तक चार टी20 इंटरनेशनल मैचों में वैभव ने 23 की औसत और 209.09 के स्ट्राइक रेट से 92 रन बनाए। वैभव की पारी के दम पर भारत ने पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में जिम्बाब्वे को 40 गेंदें शेष रहते छह विकेट से मात दी और सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई।
रास आया हरारे का मैदान
वैभव सूर्यवंशी ने बताया कि उन्हें महसूस हुआ कि वो अपने जोन में हैं और अपनी ताकत पर भरोसा जताया। उन्होंने साथ ही कहा कि हरारे का मैदान उन्हें रास आया और उनकी कोशिश अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करके टीम की सफलता में योगदान देना है।
वैभव ने कहा, ‘जब आपके करियर का शुरुआती समय हो तो आप इस तरह की पारी खेले तो आगामी मैचों के लिए विश्वास बढ़ जाता है। मुझे महसूस हुआ कि गेंद मेरे क्षेत्र में आ रही है। मैंने बस अपनी ताकत पर विश्वास किया और सबकुछ सही हुआ। आप कह सकते है कि मुझे यहां अच्छा लगा। कुछ मैदान होते हैं, जहां आपको रन बनाना पसंद आता है। शायद ऐसा ही हो। मगर मैं इसे हल्के में नहीं ले रहा हूं। मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करके टीम में योगदान देने की कोशिश कर रहा हूं।’
सीरीज जीतना चाहेगा भारत
बता दें कि श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत ने पहली टी20 इंटरनेशनल जीत दर्ज की। अब भारतीय टीम शनिवार को हरारे में ही जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरा टी20 इंटरनेशनल मैच खेलेगी, जहां उसकी कोशिश मैच जीतकर सीरीज अपने नाम करने की होगी। वैभव भी अपनी अच्छी फॉर्म को जारी रखना चाहेंगे।



