
भारत को इस महीने श्रीलंका दौरे पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने के लिए जाना है। ऋषभ पंत इस टीम का अहम हिस्सा हैं। पंत अफगानिस्तान सीरीज के बाद खाली हैं, लेकिन अब उन्होंने अपनी तैयारी शुरू कर दी है वो भी एमएस धोनी के साथ।
पंत ने अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए इकलौते टेस्ट मैच की पहली पारी में 81 रनों की पारी खेली थी, लेकिन इससे पहले वह टेस्ट में रनों के लिए संघर्ष कर रहे थे। साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज में वह रन नहीं कर पाए थे।
धोनी निकालेंगे हल
एमएस धोनी वो शख्स माने जाते हैं जो खिलाड़ी से उसका बेस्ट निकलवाते हैं। पंत भी इस समय काफी परेशानी में हैं। वनडे और टी20 टीम से उनकी जगह जा चुकी है। टेस्ट की उप-कप्तानी उन्हें मिली थी जो हाथ से चली गई है। अगर उनके बल्ले से लगातार रन नहीं निकलते हैं तो टेस्ट में भी उनकी जगह पर सकंट है। ऐसे में पंत को धोनी के ज्ञान की जरूत है जो वो हासिल करने उनके घर रांची पहुंच गए हैं। पंत टेस्ट सीरीज की तैयारी धोनी के साथ ही कर रहे हैं।
भारत के पूर्व स्पिनर शहबाज नदीम ने पंत और धोनी के साथ जिम करते हुए का एक वीडियो पोस्ट किया है। इस फोटो के साथ नदीम ने कैप्शन लिखा है, “भारतीय क्रिकेट के दो बेस्ट फिनिशर ऋषभ पंत और एमएस धोनी भाई।”
आईपीएल में किया था निराश
पंत ने आईपीएल-2026 में काफी निराश किया था। वह लखनऊ सुपरजायंट्स के कप्तान थे, लेकिन टीम को प्लेऑफ तक में नहीं ले जा सके थे। उनकी अब घर वापसी हो चुकी है यानी वह दिल्ली कैपिटल्स में आ चुके हैं। इसी फ्रेंचाइजी से उन्होंने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत की थी। पंत की कोशिश है कि वह फिर तीनों फॉर्मेट में टीम इंडिया के लिए खेलें और इसके लिए वह लगातार कोशिश कर रहे हैं।



