
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को सभी राज्य सरकारों से बाइक टैक्सी सेवाओं को अनुमति देने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे करीब आठ करोड़ लोगों को रोजगार मिल सकता है।
गडकरी ने ‘सुरक्षा’ नामक पायलट कार्यक्रम के शुभारंभ के दौरान यह बात कही। इस कार्यक्रम के तहत हाईवे निर्माण और खदानों में काम करने वाले ड्राइवरों तथा हाई-रिस्क वर्कर्स के लिए मौके पर मुफ्त मेडिकल जांच और काउंसलिंग की जाएगी।
कार्यक्रम महाराष्ट्र के नागपुर-काम्पटी क्षेत्र (एनएच-44) और चंद्रपुर की माइनिंग बेल्ट में 150 किलोमीटर क्षेत्र में लागू होगा। इसमें 10 हजार लोगों को शामिल करने का लक्ष्य है।
उन्होंने ड्राइवरों के स्वास्थ्य पर जोर देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए ड्राइवरों की सेहत बहुत जरूरी है। आंखों की देखभाल और काम की प्रकृति से जुड़ी अन्य स्वास्थ्य समस्याओं पर ध्यान देने की जरूरत है।
बाइक टैक्सी पर क्या कहा?
गडकरी ने बताया कि केंद्र ने निजी दोपहिया वाहनों (स्कूटर और मोटरसाइकिल) को यात्री परिवहन की अनुमति दे दी है, लेकिन कुछ राज्य अभी भी इसकी अनुमति नहीं दे रहे हैं। परिवहन राज्य का विषय है। उन्होंने राज्यों से अनुरोध किया कि वे इसे मंजूरी दें, क्योंकि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में कई लोगों को आजीविका का साधन मिलेगा।
ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर नेगेटिव पॉइंट सिस्टम
मंत्री ने कहा कि मोटर वाहन अधिनियम में संशोधन कर ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के लिए नेगेटिव पॉइंट सिस्टम लाया जाएगा। हर उल्लंघन पर पॉइंट कटेंगे। एक निश्चित सीमा पार होने पर ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड या रद किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि बार-बार उल्लंघन करने वालों (हैबिटुअल ऑफेंडर्स) के खिलाफ यह व्यवस्था जिम्मेदार ड्राइविंग को बढ़ावा देगी।
गडकरी ने सड़क दुर्घटनाओं और नियमों के उल्लंघन की उच्च संख्या का जिक्र करते हुए कहा कि इस सिस्टम से ड्राइवरों में जिम्मेदारी की भावना आएगी। यह घोषणाएं सड़क सुरक्षा और रोजगार सृजन दोनों दिशाओं में महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।



