हिटलर के जन्मस्थान में खुला पुलिस स्टेशन

 ऑस्ट्रिया ने ब्रौनौ एम इन शहर में उस घर में एक पुलिस स्टेशन खोल दिया है जहां जर्मन तानाशाह एडॉल्फ हिटलर का जन्म हुआ था. यह 17वीं सदी के पुराने सराय के बारे में सालों से चल रहे विवाद के बाद हुआ है। इसी घर में अप्रैल 1889 में नाज़ी तानाशाह एडॉल्फ हिटलर का जन्म हुआ था।

पुलिस स्टेशन के उद्घाटन समारोह में पुलिस म्यूजिशियन टुबा और अन्य वाद्ययंत्र बजाए गए।

इसमें गृह मंत्री गेरहार्ड कार्नर और अन्य स्थानीय गणमान्य लोग शामिल हुए। इस दौरान ने कार्नर ने कहा कि ऑस्ट्रिया अतीत की भयानक विरासत की जिम्मेदारी ले रहा है। उन्होंने कहा, यह घर अब डेमोक्रेसी, कानून का राज, सुरक्षा, आजादी और इंसानी इज्जत की जगह बन जाएगा।

पुलिस चीफ इंस्पेक्टर लुडविग हाइज़ ने कहा, हमें काम करने के लिए इतनी शानदार, मॉडर्न बिल्डिंग मिलने पर खुशी है। यह ऑस्ट्रिया के किसी भी दूसरे पुलिस स्टेशन जैसा ही है।

कई सालों तक गृह मंत्रालय ने यह बिल्डिंग लोकल महिला गेरलिंडे पोमर से किराए पर ली थी ताकि इसे कट्टर दक्षिणपंथी टूरिज्म के लिए इस्तेमाल होने से रोका जा सके। बाद में इसे खास जरूरतों वाले लोगों के लिए डे सेंटर के तौर पर इस्तेमाल किया गया। 2011 में रिनोवेशन पर रोक के बाद बिल्डिंग खाली हो गई। 2016 में पार्लियामेंट ने कानून पास कर सरकार को घर जब्त करने की इजाजत दी और पोमर को इसका का हर्जाना दिया।

हालांकि, इसे लेकर पोमर कोर्ट गईं लेकिन केस हार गईं। शुरुआत में बिल्डिंग तोड़ने का प्रस्ताव आया, लेकिन आलोचना के बाद 2019 में इसे पुलिस स्टेशन बनाने का फैसला लिया गया। पुरानी पीली बिल्डिंग को ठीक करने में लाखों यूरो खर्च हुए। अब यह अंदर-बाहर से सफेद रंग की है और चमचमाती ओक की लकड़ी से सजी हुई है।

यहां पुलिस स्टेशन खुलने के फैसले से हर कोई खुश नहीं है। कुछ लोग चाहते थे कि यह घर नाजी अतीत का सामना करने वाला जिम्मेदारी का सेंटर बने।

लोकल हिस्टोरियन फ़्लोरियन कोटैंको ने कहा कि वे लेबेनशिल्फ चैरिटी को वापस देखना पसंद करते। घर पर इसके इतिहास के बारे में कोई साइन नहीं है। सिक्योरिटी कैमरे लगे हैं ताकि किसी भी संभावित नियो-नाजी गतिविधि को रिकॉर्ड किया जा सके।

इसे हिटलर से जोड़ने वाली सिर्फ एक चीज बाहर सड़क पर लगा पत्थर है, जिस पर लिखा है, ‘फिर कभी फ़ासिज़्म नहीं; लाखों मरे हुओं की याद में’, यह पत्थर पास के माउथौसेन कॉन्सेंट्रेशन कैंप से लाया गया है।

कोटैंको ने कहा, इस जगह का इतिहास कभी खत्म नहीं होगा। इससे खुले और सही तरीके से निपटना होगा। यह गर्व की बात नहीं, बल्कि सच्चाई से निपटने की बात है। 

Related Articles

Back to top button