सौरव गांगुली और युवराज सिंह की कोचिंग टीम में हुई एक और एंट्री

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खिताबी सूखा झेल रही दिल्ली कैपिटल्स ने अपने कोचिंग स्टाफ में एक और महान खिलाड़ी को शामिल किया है। फ्रेंचाइजी ने भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को पहले ही अपना कोच नियुक्त किया था और अब श्रीलंका के चामिंडा वास की भी टीम में बतौर तेज गेंदबाजी कोच एंट्री हुई है। गांगुली और फिर युवराज सिंह के बाद दिल्ली के नए कोचिंग स्टाफ में ये तीसरी एंट्री है। युवराज बल्लेबाजी कोच की भूमिका में नजर आएंगे। ये तीनों दिग्गज कोशिश करेंगे कि टीम को पहला आईपीएल दिला सकें। फ्रेंचाइजी ने शनिवार को एक वीडियो जारी कर वास के गेंदबाजी कोच बनाए जाने की सूचना दी।

नीलामी की होगी तैयारी

वास के आने के बाद दिल्ली के कोचिंग स्टाफ की नजरें अब नीलामी से पहले की तैयारी पर टिकी होंगी। कोचिंग स्टाफ अपनी जरूरत के हिसाब से खिलाड़ियों को खरीदने की रणनीति बनाएगा। वास अपने समय के महान गेंदबाज माने जाते थे और उनकी गिनती शानदार क्रिकेट ब्रेन वाले खिलाड़ियों में होती है। ऐसे में वह टीम की रणनीति में भी असरदार भूमिका निभा सकते हैं। वह श्रीलंका के सबसे सफल टेस्ट तेज गेंदबाज हैं। उनके नाम टेस्ट में 355 और वनडे में 400 विकेट हैं। वास से पहले भारत के पूर्व गेंदबाज मुनाफ पटेल दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी निभा रहे थे। फ्रेंचाइजी ने एक इंस्टाग्राम वीडियो जारी कर वास के आने की जानकारी दी और साथ ही कैप्शन में लिखा, “एक और लेजेंड्री सीवी। हमारे तेज गेंदबाजी कोच चामिंडा वास का दिल्ली में स्वागत है।”

श्रीलंका टीम के साथ कर चुके हैं काम

वास के पास कोचिंग का अनुभव है। वह श्रीलंका की पुरुष टीम के साथ बतौर तेज गेंदबाजी कोच काम कर चुके हैं। वह तीन अलग-अलग कार्यकाल में ये जिम्मेदारी निभा चुके हैं। वास ने अपना कोचिंग डेब्यू न्यूजीलैंड टीम के साथ किया था। इसके बाद वह 2013-15 तक श्रीलंका टीम के साथ रहे। 2016 में वास टी20 वर्ल्ड कप के लिए आयरलैंड टीम के गेंदबाजी कोच रहे और इसके बाद दोबारा श्रीलंकाई टीम से जुड़े। वास को आईपीएल में खेलने का भी अनुभव है। वह 2008 से 2010 तक डेक्कन चार्जर्स के लिए भी खेले और इस दौरान टीम ने 2009 में खिताब भी जीता। उन्होंने फ्रेंचाइजी के लिए कुल 13 मैच खेले और 18 विकेट लिए।

Related Articles

Back to top button