भारत की वनडे और टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल न्यूजीलैंड दौरे पर कुछ ऐसा करने वाले हैं जो पहले शायद ही किसी भारतीय कप्तान ने किया हो। गिल इस दौरे पर पांच खिलाड़ियों का खर्चा खुद उठाएंगे। इसके लिए वह बीसीसीआई से मदद नहीं लेंगे।
भारत को न्यूजीलैंड दौरे पर पांच मैचों की वनडे और दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। इन दोनों सीरीजों के लिए भारतीय टीम का एलान हो गया है। गिल शुरुआती तीन वनडे मैचों में खेलेंगे और इसके बाद टेस्ट की तैयारी के लिए निकल जाएंगे। उनकी गैरमौजूदगी में श्रेयस अय्यर टीम की कप्तानी करेंगे।
साथ ले जाएंगे गेंदबाज
दरअसल, गिल न्यूजीलैंड दौरे पर चार से पांच नेट गेंदबाज अपने साथ ले जाएंगे और इन सभी का खर्चा वह खुद उठाएंगे। समाचार एजेंसी पीटीआई ने अपनी रिपोर्ट में इस बात की जानकारी दी है। हालांकि, बीसीसीआई ने भी टीम के साथ नेट गेंदबाज भेजने का फैसला किया है, लेकिन गिल एक कदम आगे बढ़ते हुए अपने साथ अलग से नेट गेंदबाजों का सेट ले जाना चाहते हैं। यह किसी भी भारतीय क्रिकेटर द्वारा पहली बार किया जा रहा है कि वह अपने साथ नेट गेंदबाज ले जा रहा है और उनका खर्चा भी खुद उठा रहा है।
बीसीसीआई के एक अधिकारी ने पीटीआई से बात करते हुए कहा, “यह काफी रोचक है। गिल इंडिया-ए के साथ टेस्ट मैच नहीं खेल रहे हैं क्योंकि वह वनडे सीरीज खेलेंगे। वह न्यूजीलैंड के लिए 23-24 अक्टूबर को निकलेंगे। चार से पांच गेंदबाज उनके साथ जाएंगे जिनका खर्चा वह खुद उठाएंगे।”
नहीं छोड़ना चाहते कोई कसर
यह बताता है कि गिल न्यूजीलैंड दौरे को लेकर कितना गंभीर हैं और वह इसमें कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते। वनडे सीरीज साउथ अफ्रीका में अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप के लिहाज से बेहद अहम है। वहीं, भारतीय टीम न्यूजीलैंड में लंबे समय से टेस्ट सीरीज नहीं जीती है। गिल ने इंग्लैंड में अपने बल्ले का कमाल दिखाया था और 754 रन बनाए थे। वह न्यूजीलैंड में भी इस तरह का प्रदर्शन कर टीम को जीत दिलाने की कोशिश में हैं।