होली से पहले आज होगी सौगातों की बरसात, राष्ट्रपति मुर्मू और सीएम रेखा शुरू करेंगे कई योजनाएं

आज राजधानी में नारी सशक्तिकरण का बड़ा संदेश गूंजेगा। इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित सशक्त नारी, समृद्ध दिल्ली कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लाखों महिलाओं और बेटियों को होली से पहले विशेष सौगात देंगी। इसी मंच से मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ का शुभारंभ करेंगी, जिसके तहत करीब 229 करोड़ रुपये सीधे बेटियों के खातों में ट्रांसफर किए जाएंगे। साथ ही दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर योजना और महिलाओं के लिए ‘पिंक कार्ड’ की शुरुआत भी होगी। सरकार का दावा है कि इन पहलों का उद्देश्य बेटियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि सरकार का मकसद बेटियों को आर्थिक रूप से मजबूत करना है, ताकि उच्च शिक्षा उनके लिए बोझ न बने। उन्होंने बताया कि पुरानी लाडली योजना को नया रूप देकर दिल्ली लखपति बिटिया योजना शुरू की जा रही है। कार्यक्रम के दौरान 40,642 पात्र लाभार्थियों को 100.25 करोड़ रुपये की परिपक्वता राशि भी दी जाएगी, जो पहले लंबित थी। यह राशि सीधे आधार से जुड़े बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी। योजना पूरी तरह डिजिटल होगी। फंड का प्रबंधन एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के माध्यम से किया जाएगा और पूरी राशि सुरक्षित निवेश में रखी जाएगी। परिपक्वता पर पैसा सीधे लाभार्थी के खाते में आएगा।

कार्यक्रम में राशन कार्ड धारकों के लिए होली और दिवाली पर दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने की योजना का भी शुभारंभ होगा। करीब 129 करोड़ रुपये डीबीटी से महिलाओं के खाते में चले जाएंगे। कुल मिलाकर करीब 229 करोड़ रुपये डीबीटी के जरिए लाभार्थियों तक पहुंचेंगे। इसके अलावा महिलाओं के लिए नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) आधारित पिंक कार्ड की शुरुआत भी की जाएगी, जिससे बस में मुफ्त और अन्य सार्वजनिक परिवहन में एक ही कार्ड से सफर संभव होगा। सरकार का कहना है कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के डिजिटल इंडिया और वन नेशन, वन कार्ड विजन से प्रेरित है। सरकार का दावा है कि ये चारों योजनाएं मिलकर बेटियों और महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाएंगी।

योजना 1: दिल्ली लखपति बिटिया योजना
पुरानी लाडली योजना का विस्तारित रूप
अब विभिन्न चरणों में कुल 56,000 रुपये बालिका के नाम जमा होंगे
21 वर्ष की आयु तक ब्याज सहित राशि 1 लाख रुपये से अधिक होने की उम्मीद
शर्त: परिवार की सालाना आय 1.20 लाख रुपये से कम हो, पिछले तीन साल से दिल्ली की निवासी, जन्म दिल्ली में हुआ हो
लाभ प्रति परिवार दो बेटियों को मिलेगा
राशि स्नातक या व्यावसायिक डिप्लोमा जैसी पढ़ाई पूरी करने की शर्त पर मिलेगी
पूरी प्रक्रिया डिजिटल, पैसा सीधे खाते में

योजना 2: मेरी पूंजी मेरा अधिकार (लाडली परिपक्वता भुगतान)
40,642 पात्र लाभार्थियों को 100.25 करोड़ रुपये डीबीटी से मिलेंगे
कई वर्षों से लंबित परिपक्वता राशि अब सीधे खातों में जाएगी
अर्जित ब्याज सहित भुगतान होगा
उद्देश्य: सरकारी योजना में पारदर्शिता रहेगी और बेटियों को सीधा लाभ मिलेगा

योजना 3: दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर
होली और दिवाली पर हर साल दो मुफ्त सिलेंडर
करीब 15.50 लाख राशन कार्ड धारक परिवारों को लाभ
सिलेंडर की मौजूदा कीमत के बराबर राशि परिवार के मुखिया के आधार-लिंक्ड खाते में पहुंचेगी
मकसद: त्योहारों पर रसोई का खर्च कम कर गृहणियों को राहत देना है

योजना 4: पिंक कार्ड – महिलाओं के लिए मुफ्त बस सफर
दिल्ली निवासी महिलाओं को डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा मिलेगी
एक ही स्मार्ट कार्ड से मेट्रो और आरआरटीएस में सशुल्क सफर
ब्लू कार्ड सामान्य यात्रियों के लिए, ऑरेंज कार्ड मासिक पास वालों के लिए
करीब 50 केंद्रों पर कार्ड जारी होंगे
आधार और मोबाइल से लिंक होगा, डुप्लिकेशन पर रोक लगेगी
टच-फ्री डिजिटल रिकॉर्ड, नकद लेन-देन में कमी आएगी
पिंक कार्ड से महिलाओं को शिक्षा, नौकरी और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी

Related Articles

Back to top button